दिल्ली संसद में चल रहे लोकसभा सत्र में शुक्रवार को रॉबर्ट्सगंज संसदीय क्षेत्र के सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने वनाधिकार का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वनाधिकार कानून के तहत दिया गया अधिकार आदिवासियों से यह सरकार छीन रही है। मेरे संसदीय क्षेत्र के चकिया, चंदप्रभा, नौगढ़ में वन विभाग के अधिकारियों द्वारा गरीबों, दलितों, आदिवासियों का घर गिराया जा रहा है। उन्हें पुश्तैनी बसे हुए वनो की जमीन से उजाड़ा जा रहा है। वनाधिकार के तहत हिनौत घाट गांव व नौगढ़ ब्लाक के गांवों में पट्टा नहीं दिया गया है, उल्टे उनका घर गिराया जा रहा है। यही हालत सोनभद्र की ओबरा विधानसभा, दुद्धी विधानसभा व नगवां ब्लाक में है। आदिवासियों के साथ ज्यादती की जा रही है। कहीं किसी की सुनवाई नहीं है। वनाधिकार के तहत सोनभद्र में गरीबों, दलितों, आदिवासियों को नियमानुसार पट्टा नहीं दिया जा रहा है और वनाधिकार का उल्लंघन किया जा रहा है। वनाधिकार के तहत आदिवासियों को कब्जा के आधार पर ज्यादा से ज्यादा जमीन पट्टा देना चाहिए।