वीआईपी रोड पर बने यात्री शेड में रविवार की शाम एक नवजात बच्ची लावारिस हाल में मिली। उसे गोद लेने के लिए देर शाम तक कई दंपती पहुंचे। पुलिस की सूचना पर सोमवार को पहुंची चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम बच्ची को लेकर चली गई। करीब साढ़े सात बजे नगर के व्यवसायी हरिओम गोयल की पत्नी ज्योति गोयल वीआईपी रोड पर टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान सड़क किनारे बने यात्री शेड में उन्हें बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखा तो शेड की बेंच के नीचे लगभग 10 दिनों की बच्ची पड़ी हुई थी। आसपास उन्होंने पूछा तो सभी ने जानकारी से मना कर दिया। इसके बाद ज्योति बच्ची को अपने साथ अपने घर ले आई और इसकी सूचना पुलिस को दी। बच्ची के मिलने की बात नगर में आग की तरह फ़ैल गई और उसे गोद लेने के लिए कई दंपती सुभाष चौराहा स्थित उनकी दुकान पर पहुंच गए। इसी बीच पुलिस की सूचना पर पहुंची चाइल्ड हेल्पलाइन की तीन सदस्यीय टीम बच्ची को अपने साथ जिला मुख्यालय लेकर चली गई। टीम में सुपरवाइजर सुधा गिरी, सत्यम चौरसिया, अंशु गिरी शामिल थे।