सोनभद्र में पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में गठित संयुक्त मोर्चा के बैनर तले शिक्षक-कर्मचारियों ने सोमवार को एकजुटता दिखाई। हाइडिल मैदान से कलेक्ट्रेट तक बाइक रैली निकाली। पीएम, सीएम को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। रैली में वक्ताओं ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए सरकार से शीघ्र कदम उठाने की पुरजोर मांग की। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष योगेश पांडेय ने कहा कि पुरानी पेंशन हमारा अधिकार है और इसे हासिल करने के लिए हम पूरी तरह से संकल्पित हैं। सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह ने भी पुरानी पेंशन की बहाली के लिए लगातार संघर्ष का संकल्प दोहराया। डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पांडेय ने कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती। लोक निर्माण विभाग कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मिथिलेश ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों का यह अधिकार बहाल कर देना चाहिए।