महोबा में नीट की तैयारी कर रही अनुसूचित जाति की छात्रा के अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रा को 16 दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। उसे नशीले इंजेक्शन दिए गए और सिगरेट से दागा गया। पार्टी ने इस घटना को प्रदेश की कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर बड़ा सवाल बताया।राज्यपाल से पूरे मामले की समयबद्ध उच्च स्तरीय जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर फांसी की सजा दिलाने, पीड़िता व उसके परिवार को सुरक्षा देने और 50 लाख रुपये मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान शहर अध्यक्ष फरीद अहमद, पूर्व शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी, बृजेश तिवारी, सेवादल के जिलाध्यक्ष कौशलेश पाठक, राजबली पांडेय, दयाशंकर पांडेय, श्रीकांत मिश्रा, आशीष सिंह, मंजू देवी, विशिष्ट चौबे, स्वतंत्र साहनी, संतोष नेताम, लल्लू राम पांडेय आदि मौजूद रहे।