दुद्धी सीएचसी परिसर स्थित आवासीय कॉलोनी में रविवार की रात स्टाफ नर्स की कार धू-धूकर जल गई। टायर फटने की आवाज पर लोगों को घटना की जानकारी हुई। भीषण आग में पूरी कार जल गई। दुद्धी सीएचसी में तैनात स्टाफ नर्स सरोज परिसर में ही स्थित आवासीय कॉलोनी में परिवार के साथ रहती हैं। रविवार को वह किसी काम से बीजपुर गई थीं। देर रात वापस लौटीं और आवास के सामने स्विफ्ट कार खड़ी कराकर अंदर चली गईं। देर रात करीब एक बजे तेज धमाके के साथ टायर फटने की आवाज हुई तो लोगों की नींद खुली। बाहर जागकर देखा तो कार तेज लपटों में घिरी थी। शोरगुल मचाते हुए लोग आग बुझाने के लिए दौड़े। बाल्टी से पानी व बालू डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू हुई। काफी मशक्कत के बाद जब तक आग पर काबू पाया जाता, वह कार पूरी तरह जल चुकी थी। घटना से काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। आग कैसे और किन परिस्थितियों में लगी इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। स्टाफ नर्स के मुताबिक दो साल पहले ही कार खरीदी गई थी।