सोनभद्र में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को हर घर जल नल योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की। सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के विकास के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। जिले की जनता को आज भी शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई गांवों में पाइप लाइन बिछाई गई है, लेकिन पानी की आपूर्ति नहीं हो रही। कुछ स्थानों पर पानी की टंकियां बनी हैं, पर उनमें पानी नहीं है। उन्होंने बताया कि मारकुंडी, कनपानी, टोला नगवां समेत कई गांवों में योजना अधूरी पड़ी है। चोपन, कोन, नगवा और म्योरपुर क्षेत्र में लोग आज भी हैंडपंप से फ्लोराइड युक्त पानी पीने को मजबूर हैं। योजना के प्रचार-प्रसार के नाम पर वाल पेंटिंग में करोड़ों रुपये खर्च दिखाए गए, जिसकी भी जांच होनी चाहिए। अनीता बैगा ने कहा कि ग्रामीणों को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा, जिससे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। प्रदर्शन में मनीष त्रिपाठी, शांति गोंड, अमरावती, अंकित अग्रहरि, सुरेश अग्रहरी, रमाशंकर खरवार, अशोक केवट, पारस गौण, राजकुमार बैगा, गोविंद अररिया, लक्ष्मी पटेल, मुन्ना चौरसिया आदि मौजूद रहे। संचालन अल्पसंख्यक सभा के जिला उपाध्यक्ष जुनैद अंसारी ने किया।