बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत अकबरपुर निवासी भोजकुमार उर्फ भल्लू (22) बुधवार की शाम नदी का करार टूटने से राप्ती नदी में डूब गए। भोजकुमार के डूबने से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर आई इकौना पुलिस गोताखोरों की मदद से उनके शव की तलाश में जुड़ी है। खबर लिखे जाने तक शव नहीं मिला था। बलरामपुर के ललिया थाना क्षेत्र के अकबरपुर निवासी भोजकुमार की ससुराल इकौना थाना क्षेत्र के मनिकौरा कोडरी गांव में है। बुधवार को भोजकुमार ससुराल में मौजूद अपनी पत्नी को घर ले जाने के लिए गए थे। रात में वह साले पवन कुमार के साथ नित्य क्रिया के लिए राप्ती नदी के किनारे गए थे। जहां राप्ती नदी की कटान का करार टूटने से वह मिट्टी के साथ नदी में डूब गए। साले पवन कुमार ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सूचना पर रोते-बिलखते परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और भोजकुमार की तलाश शुरू की, लेकिन शव नहीं मिला। ग्रामीणों के साथ सेमरी पुलिस भी गोताखोरों के साथ शव की तलाश में जुटी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक शव नहीं मिला था।