नवीन मॉडर्न क्षेत्र की ग्राम पंचायत डिगुरा जोत निवासी चांदनी (17) बुधवार की सुबह 11 हजार हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों ने उन्हें आननफानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। जहां उनकी हालत गंभीर देख संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि चांदनी की दादी बुधवार की सुबह बकरी चराने गई थी। चांदनी उन्हें पानी देने के लिए जा रही थी। इस दौरान रास्ते में काफी नीचे झूल रहे हाईटेंशन तार के चपेट में आकर झुलस गई। तार की चपेट में आने से चांदनी के चेहरे व गले पर गंभीर घाव हो गए। घटना के बाद से ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है।