यूपी के श्रावस्ती में एक महिला का शव सोमवार की सुबह संदिग्ध हालात में धान की नर्सरी में मिला। शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। हत्या कर शव फेंके जाने की चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। सूचना पर फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे थाना प्रभारी परमानंद तिवारी ने मौके पर जांच-पड़ताल की। शव मिलने की सूचना पर एएसपी चंद्रकेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच की। घटना इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दीनानगढ़ के मजरा कैसियरपुरवा की है। गांव निवासी संगीता देवी (42) शनिवार की सुबह लगभग साढ़े चार बजे घर से नित्यक्रिया के लिए निकली थी। परिजनों ने बताया कि टार्च लेकर निकली संगीता काफी देर तक घर वापस नहीं आईं। जिसके बाद सभी ने उनकी तलाश शुरू की। गांव में उनका कुछ पता न चलने पर उन सभी ने पुलिस की मदद ली और इकौना में गुमशुदगी दर्ज करवाई। गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस संगीता की तलाश कर ही रही थी, कि सोमवार की सुबह संगीता का शव गांव के पास धान की नर्सरी में पड़ा मिला। शव की दुर्गंध से ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई और ग्रामीणों ने संगीता के परिजनों को बताया। शव मिलने की सूचना पर रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। एएसपी चंद्रकेश सिंह सुबह 9.00 बजे संगीता का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर मौके पर जांच-पड़ताल की गई है। हर पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण स्पष्ट होगा और उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।