यूपी के श्रावस्ती में सोनवा थाना क्षेत्र के बढ़हीपुरवा गांव के निकट बुधवार देर रात चाय-पान की दो गुमटियों में आग लग गई। जब तक लोग आग पर काबू पाते तब तक सारा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ितों ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उत्तमापुर गांव के मजरा बढ़हीपुरवा निवासी पंकज कुमार यादव गांव के पास स्थित सरयू मुख्य नहर की पटरी पर गुमटी रखकर पान की दुकान करता है। रात में उसकी दुकान में आग लग गई। घटना की जानकारी होने पर पंकज मौके पर पहुंचे तब तक गुमटी पूरी तरह से जल कर राख हो चुकी थी। ग्रामीण आग को बुझाकर अपने घर चले गए। इसी बीच गुमटी के बगल स्थित सुखितराम के चाय की दुकान में भी आग लग गई। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते तब तक यह दुकान भी जल कर राख हो गई। पीड़ितों ने सोनवा पुलिस को शिकायती पत्र देकर अग्निकांड के खुलासे की मांग की है।