शहर के करनाल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में महिला की डिलीवरी के दौरान गलत उपचार का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा कर धरना दिया और चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मुजफ्फरनगर जिले के खतौली थानाक्षेत्र के गांव मोरमुक्का निवासी रेखा ने बताया कि 30 मार्च को उन्होंने अपनी पुत्रवधू को डिलीवरी के लिए करनाल रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां सामान्य डिलीवरी से बच्चे का जन्म हुआ, लेकिन परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के दौरान महिला चिकित्सक और स्टाफ ने लापरवाही करते हुए पेशाब की थैली काट दी, जिससे महिला की हालत गंभीर हो गई। बताया गया कि पीड़ित महिला का उपचार फिलहाल मुजफ्फरनगर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए महिला चिकित्सक और स्टाफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। वहीं सीएमओ के निर्देश पर एसीएमओ डॉ. अतुल बंसल और एसीएमओ डॉ. विनोद कुमार भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच का आश्वासन दिया। हालांकि परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।