शामली। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए सोमवार को पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के तहत गुरुद्वारा, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित भीड़-भाड़ वाले सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस टीमों ने तलाशी अभियान चलाकर यात्रियों और आम लोगों के सामान की बारीकी से जांच की। चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की। इस दौरान रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर पुलिस की टीमें मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉड की मदद से बैग, ट्रॉली और अन्य सामग्री की तलाशी लेती रहीं। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पूरे जिले में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। शहर के सभी प्रवेश व निकास मार्गों पर पुलिस चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां आने-जाने वाले वाहनों और यात्रियों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।