शाहजहांपुर में स्मार्ट रोड परियोजना के तहत लाल इमली चौराहा से निशात सिनेमा की ओर जाने वाला मार्ग बंद होने से मंगलवार को दिनभर यातायात प्रभावित रहा। निशात सिनेमा, घंटाघर और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को टाउन हॉल होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ा। वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से लाल इमली चौराहा पर रुक-रुककर जाम लगता रहा। चौराहे पर एक यातायात पुलिसकर्मी की तैनाती के बावजूद तीन दिशाओं से वाहन पहुंचने पर स्थिति बिगड़ती रही। उधर, निर्माण कार्य भी धीमी गति से चलता दिखाई दिया। मंगलवार को जेसीबी से खुदाई कर सीवर लाइन के पाइप डाले गए। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किया गया है और निर्माण एजेंसी के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था सुचारु रखने का प्रयास किया जा रहा है।