शाहजहांपुर में शहीद कप महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का शनिवार को आगाज हो गया। पहले मैच में संध्या की 59 रनों की शानदार पारी के दम पर शाहजहांपुर ब्लू की टीम ने चार विकेट खोकर एक ओवर शेष रहते जीत दर्ज कर ली। संध्या को मैन ऑफ द मैच चुना गया है। शाहजहांपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से शाह क्लब के मैदान पर टॉस जीतकर शाहजहांपुर रेड की टीम पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी। टीम ने 20 ओवर में 135 रन बनाए। कप्तान शबनम ने 21 गेंदों पर 23 रनों की पारी खेली। 47 मिनट की पारी में उन्होंने चार चौके भी जड़ दिए। उन्हें आयुषी गुप्ता ने रन आउट किया। शिखा ने 18 और आयुषी ने 20 रनों का योगदान दिया। शाहजहांपुर ब्लू की ओर से रितिका खन्ना ने दो विकेट हासिल किए। कप्तान वसुंधरा ने एक विकेट लिया। दूसरी पारी में शाहजहांपुर ब्लू ने 19 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। ओपनर बल्लेबाज एंजेल मिश्रा ने दस गेंदों पर 16 रनों की पारी खेलकर तीन चौके भी जड़े। दूसरी ओपनर आराधना राठौर 25 रन बनाकर रिटायर्ड हो गईं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरीं संध्या ने संयमपूर्ण पारी खेलकर 59 रन बनाए। उन्होंने 12 चौकों की मदद से अपनी टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया। हालांकि दूसरे छोर पर वृद्धि पांच रन, रितिका चार रन और अतरिका शून्य पर आउट हो गईं। सूफिया ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट हासिल किए। इससे पहले शाहजहांपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य आनंद पाठक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुभारंभ किया। मैच के अंपायर सनी सिंह व मयंक कुमार रहे। कोऑर्डिनेटर मनोज यादव ने आभार जताया। इस मौके पर अभय सिंह गुर्जर, गगन खन्ना, पंकज छापू, मयंक शर्मा, शिखर दीक्षित और सौरभ मलिंगा आदि मौजूद रहे।