शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चार खंभा स्थित रेस्टोरेंट में दुपट्टे से गला कसकर स्टाफ नर्स की हत्या में पुलिस ने आरोपी युवक, रेस्टोरेंट संचालक व अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पिता ने दुष्कर्म के बाद बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पीलीभीत जिले के पूरनपुर के एक मोहल्ले की रहने वाली युवती शाहजहांपुर के एक निजी हॉस्पिटल में नर्स थी। वह आरसी मिशन थाना क्षेत्र के एक गांव में अपने मामा के पास रहती थी। बृहस्पतिवार को वह अपने मित्र के साथ शाम चार बजे पिज्जा हब में पहुंची थी। रेस्टोरेंट के ऊपर बने कमरे में दोनों लोग चले गए। करीब एक घंटे बाद युवक नीचे आया और रेस्टोरेंट संचालक से खाना लेकर आने की बात कहते हुए बाहर चला गया। युवक के एक घंटे तक न लौटने पर रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने ऊपर जाकर देखा तो कमरे के बाथरूम में युवती का शव पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी शुभम शुक्ला निवासी गांव पड़रिया थाना पूरनपुर जिला पीलीभीत, उसके अज्ञात साथी और रेस्टोरेंट संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक को हिरासत में ले लिया है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि एसपी सिटी के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।