सरकार की ओर से आयोजित रोजगार तथा अप्रेंटिंस मेलों में युवाओं को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। कोई जरूरी कागजात लेकर नहीं पहुंचता, तो किसी की योग्यता पर प्रश्न चिह्न लग जाता है। वहीं अभ्यर्थियों का कहना है कि रोजगार मेला के नाम पर युवाओं को सिर्फ भटकाया जा रहा है। शाहजहांपुर में शनिवार को रोजा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तथा जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधन में एक दिवसीय रोजगार एवं अप्रेंटिस मेला में युवाओं की भीड़ उमड़ी। स्थानीय के साथ ही लखनऊ और नोएडा की कुल पांच कंपनियों में तमाम टेक्निकल और नॉन टेक्निकल पदों पर रोजगार व अप्रेंटिस प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। रोजगार के लिए 138 अभ्यर्थियों में 81 का साक्षात्कार के आधार पर चयन किया गया। जबकि 57 अभ्यर्थियों को निराशा हाथ लगी। अभ्यर्थियों ने बताया कि उनको यह कहकर वापस लौटा दिया गया कि उनके डाक्यूमेंट पूरे नहीं हैं या फिर वह रिक्त पद के लिए योग्यता नहीं रखते हैं।