शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा क्षेत्र में नहर की पटरी पर गोकशी का प्रयास कर रहे तस्करों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से फायरिंग में सिपाही समेत चार लोग जख्मी हुए हैं। बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के चलते इंस्पेक्टर कटरा पवन पांडेय बाल-बाल बच गए। उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी। शुक्रवार रात मीरानपुर कटरा पुलिस को सूचना मिली थी कि कमलापुर नहर पुलिया के नजदीक छह तस्कर गोवंशीय पशु को मारने का प्रयास कर रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के ललकारने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की फायरिंग में सिपाही भूरा तोमर के बायें हाथ में गोली लगी। जवाबी कार्रवाई तीन तस्करों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने भाग रहे चौथे तस्करी को गिरफ्तार कर लिया। दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। पुलिस ने घायल सिपाही और तस्करों को अस्पताल में भर्ती कराया है।