शाहजहांपुर के जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने स्वास्थ्य विभाग में उपकरणों और अन्य सामग्रियों की खरीद में सौ करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का अंदेशा जताया है। पूर्व सीएमओ डॉ. आरके गौतम के कार्यकाल में हुई खरीद की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि जिस स्टेथोस्कोप का अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) तीन सौ रुपये है, उसे 15 सौ में खरीदा गया था। डीएम ने बताया कि सौ करोड़ से अधिक रुपये का घोटाला होने की संभावना है। बगैर जरूरत के टेंडर निकाले, बिलों को बनाकर खरीद की गई है। जांच में दोषियों के विरुद्ध जल्द कार्रवाई होने की संभावना है। इसके साथ ही विभागीय कार्रवाई की जाएगी।