शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भारद्वाजी निवासी पूर्ति गुप्ता (23) की हत्या उसके पिता संजय गुप्ता ने ही की थी। शनिवार को पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक पूर्ति ने संजय की अंगूठी बेच दी थी। खर्चे के बाद बचे हुए रुपये न देने से नाराज होकर पिता ने बेटी की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी संजय कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके ऊपर 16 मुकदमे दर्ज हैं। पैरालाइज का अटैक होने के बाद से वह अधिकतर समय बिस्तर पर रहता था। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि संजय के साथ ही पत्नी वंदना को भी जेल भेजा जाएगा।