लखनऊ के रनिंग रूम में गार्ड से मारपीट और पिस्टल तानकर धमकी दिए जाने के विरोध में नार्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (नरमू) की रोजा शाखा ने प्रदर्शन किया। इस मौके पर ठेका निरस्त करने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। बृहस्पतिवार को दोपहर में नरमू के पदाधिकारियों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर विरोध जताया। रेलकर्मियों ने गेट बैठक में कहा कि विश्रामालय में ठेकेदार दबंग लोगों को तैनात करते हैं। वे लोको पायलट व ट्रेन मैनेजर के साथ अभद्रता करते हैं। रेलवे के कर्मचारी अभद्रता को बर्दाश्त नहीं करेंगे। लखनऊ प्रकरण में कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। रेलकर्मियों ने ठेका निरस्त करने की मांग उठाई है। प्रदर्शन करने वालों में अनिल कुमार सिंह, वीरेंद्र झा, नरमू के शाखा सचिव अमित भागवत मिश्रा, योगेश पाल, मनीष सिंह, रामनरेश, दुर्गेश पाल, देशराज, मोहम्मद शमी आदि मौजूद रहे।