लचर बिजली आपूर्ति के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग बौरव्यास फीडर से आपूर्ति कटवाकर फिर शुरू कराई पुरानी लाइन संवाद न्यूज एजेंसी धर्मसिंहवा। नगर पंचायत धर्मसिंहवा की बिजली आपूर्ति का फीडर बदलने पर बेहतरी के बजाय और बदतर हो गई। इसके बाद लोग सड़क पर उतर आए और फिर से वही पुरानी बिजली आपूर्ति को बहाल करने की मांग करने लगे। बार-बार ट्रिपिंग और फाल्ट से तीन दिनों से पूरी रात बिजली गायब रह रही थी। लोगों के सब्र का बांध टूट गया और लोग विरोध करने उतर गए। बिजलीकर्मियों ने दोबारा खेसरहा फीडर से कनेक्शन को जोड़ते हुए आपूर्ति बहाल की। बताते चलें कि नगर पंचायत धर्मसिंहवा की बिजली आपूर्ति पिछले शुक्रवार को बौरव्यास फीडर से जोड़ दी गई थी। लोगों को विश्वास था कि नगर पंचायत के लिए बनाए गए नए अलग फीडर से बेहतर आपूर्ति मिलने लगेगी, जिसे लोग काफी दिनों से मांग भी कर रहे थे। इस नई लाइन से जुड़ते ही धर्मसिंहवा सहित अन्य स्थानों की बिजली की आपूर्ति बेहतर होने के बजाय काफी खराब हो गई। लगातार तीन दिनों से रात के समय में तार गिर जाना ट्रिप कर जाना और फाल्ट के चलते पूरी पूरी रात बिजली गायब रहने लगी। विवश होकर विरोध करने के लिए सड़क पर उतर आए। रविवार की रात में विरोध को देखते हुए तीसरे दिन ही बिजली कर्मियों ने बौरव्यास फीडर से जोड़े गए कनेक्शन को काटकर दोबारा सिद्धार्थनगर के खेसरहा फीडर से जोड़ दी। स्थानीय नागरिक प्रदीप वर्मा, पुरुषोत्तम पांडेय, राम सुभग, राजू चौधरी सहित अन्य लोगों का कहना है कि नगर पंचायत के लिए बनाई गई लाइन व फीडर में अभी बहुत कुछ कमियां है जिसे सुधार करने के बाद ही जोड़ा जाय।