संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 23 जनवरी से प्रायोगिक परीक्षा शुरू हो रही है। इस बार प्रवेश पत्र के साथ परीक्षार्थियों को अपार आईडी या पैन कार्ड भी दिखाना होगा, तभी स्कूलों में प्रवेश मिलेगा। यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार प्रवेश पत्र स्कूलों के साथ विभाग की वेबसाइट पर जारी होगा। विकल्प के तौर पर आधार कार्ड और पैन कार्ड भी रखा गया है।
जनपद में इस बार बोर्ड परीक्षा में 55 हजार के करीब हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। 118 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार प्रवेश पत्र स्कूलों के साथ-साथ विभाग की वेबसाइट पर भी जारी किया जाएगा। इसे अभ्यर्थी डाउनलोड कर सकते हैं, लेकिन यह सुविधा सिर्फ रेगुलर (संस्थागत) विद्यार्थियों के लिए ही है। प्राइवेट बोर्ड परीक्षार्थियों को यह सुविधा नहीं मिल सकेगी और उन्हें प्रवेश पत्र उसी स्कूल से मिलेगा, जहां से उन्होंने बोर्ड परीक्षा फार्म भरा था।
इस बार सिर्फ प्रवेश पत्र दिखाकर रेगुलर या प्राइवेट फार्म भरने वाले विद्यार्थी परीक्षा कक्ष में दाखिल नहीं होने पाएंगे। प्रवेश पत्र के साथ उन्हें अपार आईडी भी प्रस्तुत करना होगा। अगर बोर्ड परीक्षार्थियों ने आवेदन नहीं किया है तो तत्काल इसके लिए आवेदन कर दें, जिससे यह परीक्षा के पहले प्राप्त हो सकें। अपार आईडी न होने की दशा में आधार कार्ड अथवा पैन कार्ड के विकल्प का सहारा लेना पड़ेगा।