थाना जनकपुरी क्षेत्र में बाजोरिया रोड स्थित निजी अस्पताल में एक महिला की मौत के बाद रविवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी। देवबंद क्षेत्र निवासी आंचल को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन बाजोरिया रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए पहले दो यूनिट रक्त चढ़ाने की बात कही और इसके लिए रुपये जमा कराए। इसके बाद भी महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ और अस्पताल की ओर से 20 हजार रुपये और जमा कराने के लिए कहा गया। इसी दौरान उन्हें पता चला कि महिला की मौत हो चुकी है। सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।