शाकंभरी क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात शिवालिक पहाड़ियों में हुई तेज बारिश के बाद अचानक आई बेमौसम बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। पहाड़ियों से आए तेज पानी के बहाव में कई ट्रैक्टर-ट्रॉली, मोटरसाइकिल और अन्य वाहन बह गए। मां शाकंभरी देवी के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में अचानक आई बाढ़ से अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखाई दिए। बाढ़ की चपेट में आने से एक महिला तेज बहाव में बह गई। काफी तलाश के बाद महिला का शव लगभग एक किलोमीटर दूर भूरादेव मंदिर के पास मिला। समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। उपजिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार विजय कुमार, नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह और कोतवाली प्रभारी सूबे सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से प्रभावित श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। अचानक आई बाढ़ के कारण क्षेत्र में लंबे समय तक दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सतर्क रहने और नदी-नालों के पास न जाने की अपील की है।