सहारनपुर के सरसावा कस्बे की कौशिक विहार कॉलोनी में संग्रह अमीन अशोक (40) उसकी पत्नी अंजिता (35), मां विद्यावती (70), बेटे कार्तिक (16) और देव (13) के गोली लगे शव उनके किराए के मकान में पड़े मिले। अशोक की कनपटी जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को माथे पर गोली मारी गई है। अशोक नकुड तहसील में संग्रह अमीन थे और मूल रूप से गांव खारीबांस के रहने वाले थे। वह पिछले दो साल से सरसावा की कौशिक विहार कॉलोनी में मांगे राम के यहां किराए पर रह रहे थे। सरसावा में ही सावन बिहार में उनकी बहन पिंकेश रहती है। मंगलवार सुबह पिंकेश ने अशोक के मोबाइल पर फोन किया लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया। इसके बाद पिंकेश अपने बेटे प्रीत के साथ भाई के किराए के घर पहुंची जहां दरवाजा बंद था। शोर मचाने पर भी दरवाजा नहीं खुला इसके बाद प्रीत सीढ़ी लगाकर अंदर चढ़ा। किसी तरह उसने दरवाजा खोला। सभी के शव अपने-अपने बिस्तर में पड़े थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतकों के शवों के पास से एक तमंचा भी पुलिस को मिला है। पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या किए जाने की बात मानकर जांच कर रही है। अशोक के पिता सुरेंद्र भी तहसील में संग्रह अमीन थे। सुरेंद्र के निधन के बाद वह मृतक आश्रित कोटे में नौकरी पर लगे थे। पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचे जांच पड़ताल की। अभी आत्महत्या की कोई वजह सामने नहीं आ सकी है।