आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय प्रकरण में प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर जिलाधिकारी और रामपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी निर्माण में विधिक अनियमितता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन यही मानदंड प्रदेश के अन्य समान मामलों में भी समान रूप से लागू किए जाएं। उन्होंने वर्षों से चली आ रही कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी ध्वस्तीकरण की स्थिति में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य हितधारकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष हो। इस संबंध में उन्होंने मुख्य सचिव और अपर मुख्य सचिव को भी पत्र की प्रति भेजी है।