खीरों (रायबरेली)। विकास खंड क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एकौनी, दृगपाल गंज और देवगांव में रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। एकौनी में डॉ. सदफ असगर, दृगपाल गंज में डॉ. मनोज मिश्रा तथा देवगांव में डॉ. मुकेश राठौर के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने मेले में आने वाले मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक दवाएं वितरित कीं। आरोग्य मेले की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे हुई, जिसमें शुरुआती समय में कुछ मरीज पहुंचे। दोपहर 12 बजे तक खांसी, जुकाम, बुखार, बदन दर्द, उल्टी-दस्त सहित मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ गई। चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार और बचाव संबंधी सलाह दी। हालांकि दोपहर बाद अधिकांश स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की संख्या काफी कम हो गई और अस्पतालों में सन्नाटा पसरा रहा। सीएचसी खीरों के अधीक्षक डॉ. भावेश सिंह ने बताया कि क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा न होने के कारण उमस भरी गर्मी का मौसम बना हुआ है। ऐसे में अधिकांश मरीज सुबह के समय ही उपचार के लिए अस्पताल पहुंच जाते हैं। सुबह भीड़ रहने के बाद दोपहर में केवल इक्का-दुक्का मरीज ही इलाज कराने आते हैं। उन्होंने लोगों से मौसम को देखते हुए पर्याप्त पानी पीने, साफ-सफाई रखने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।