दिल्ली की फर्म शहर के सुपर मार्केट स्थित जर्जर गुरुतेग बहादुर मार्केट का मरम्मत कार्य कराएगी। नगर पालिकाध्यक्ष शत्रोहन सोनकर ने बुधवार को सभासदों, व्यापारियों के साथ डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में भूमि-पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। अब बृहस्पतिवार से मार्केट का मरम्मत कार्य तेजी के साथ चालू होगा। दरअसल, गुरुतेग बहादुर मार्केट के निर्माण के बाद से मरम्मत कार्य नहीं हुआ था। साल 2003 में केवल छज्जों की पुताई कराई गई थी, जो पर्याप्त नहीं थी। इस कारण जल निकासी व्यवस्था बाधित हो गई है, जिससे दीवारों में सीलन आ गई है और छज्जे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक भवन के छज्जों का प्लास्टर टूटने, सरिया में जंग लगने की बात सामने आई थी। इस रिपोर्ट के बाद मार्केट के ध्वस्तीकरण की योजना थी, लेकिन बाद में व्यापारियों के विरोध में इस पर अमल नहीं किया गया था।