यूपी बोर्ड परीक्षा के परिणाम आने के बाद सतांव खंड क्षेत्र के किलौली स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज के छात्रों और अभिभावकों में हड़कंप मच गया। परिणाम देखने पर 76 छात्रों को प्रयोगात्मक परीक्षा में अनुपस्थित दिखाकर अनुत्तीर्ण कर दिया गया। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिणाम में 40 छात्राएं और 36 छात्र प्रभावित हुए हैं। छात्रों ने अपने अभिभावकों के साथ विद्यालय पहुंचकर विरोध किया। हालांकि, तब तक प्रबंधन स्कूल बंद करके निकल चुका था। अभिभावकों ने दूरभाष पर प्रबंधक से बातचीत शुरू की। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय की लापरवाही के कारण ही छात्रों का भविष्य खराब हुआ है। अभिभावक राजेश कुमार विश्वकर्मा ने विद्यालय के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। छात्रों और प्रबंधक का पक्ष पायल मौर्या ने बताया कि उन्होंने प्रयोगात्मक परीक्षा दी थी, फिर भी उन्हें अनुपस्थित दिखाया गया। हाई स्कूल के छात्र अभिषेक के अन्य विषयों में अच्छे अंक थे, लेकिन प्रयोगात्मक में अनुपस्थित होने से वे अनुत्तीर्ण हो गए। अभिषेक को विद्यालय की ओर से सुधार का आश्वासन मिला है। विद्यालय के प्रबंधक मोहनीश त्रिवेदी ने बताया कि सभी छात्रों को प्रयोगात्मक परीक्षा में अनुपस्थित दिखाया गया है। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक से मिलकर जानकारी दी है और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ न होने का आश्वासन दिया।