गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कटघर के पास एक बेकाबू डंपर ने कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार बैंक कर्मी दंपति और उनका बेटा घायल हो गया। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। महिला और बच्चे की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जौनपुर के केराकत निवासी रविंद्र कुमार यादव पंजाब नेशनल बैंक में कर्मचारी हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती दिल्ली में है। वह पत्नी श्वेता और बेटे सहर्ष के साथ घर जौनपुर जा रहे थे। घायल श्वेता ने बताया कि कटघर के पास कार खड़ी कर वह कुछ देर के लिए रुके थे। बेटा पीछे की सीट पर बैठा था। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।