फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video: महिला आयोग की उपाध्यक्ष अर्पणा यादव ने कस्तूरबा विद्यालय, आंगनबाड़ी का किया निरीक्षण

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अर्पणा यादव ने शुक्रवार को हरचंदपुर ब्लॉक का दौरा कर शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र प्यारेपुर प्रथम तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरचंदपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्राओं से संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली, पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। सबसे पहले उपाध्यक्ष कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हरचंदपुर पहुंचीं, जहां विद्यालय की वार्डन शिल्पी सिंह, स्टाफ और छात्राओं ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद उन्होंने कक्षा छह, सात और आठ का निरीक्षण किया तथा छात्राओं से पढ़ाई से जुड़े प्रश्न पूछे। छात्राओं ने कविताएं सुनाईं और वंदे मातरम् का गायन किया। निरीक्षण के दौरान अर्पणा यादव ने छात्राओं से विटामिन-ए के स्रोत और उसके महत्व के बारे में पूछा। अधिकांश छात्राएं संतोषजनक उत्तर नहीं दे सकीं। इस पर उन्होंने बच्चों को बताया कि विटामिन-ए गाजर, हरी पत्तेदार सब्जियों तथा अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों में पाया जाता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और किशोरियों में आयरन की कमी एक गंभीर समस्या है, इसलिए उन्हें हरी सब्जियां, दालें और पौष्टिक भोजन नियमित रूप से लेना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहने की सलाह दी। उपाध्यक्ष ने छात्राओं से अलग से बातचीत कर उनकी समस्याएं और विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद विद्यालय कार्यालय का निरीक्षण कर अभिलेखों की समीक्षा की। उन्होंने छात्राओं के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता तथा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिली हैं, जबकि जो कमियां सामने आई हैं, उन्हें संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा कर शीघ्र दूर कराया जाएगा। के बाद अर्पणा यादव आंगनबाड़ी केंद्र प्यारेपुर प्रथम पहुंचीं, जहां आयोजित अन्नप्राशन कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों का पूजन-अर्चन कर अपने हाथों से खीर खिलाई। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अभिभावकों से बच्चों के बेहतर पोषण, समय पर टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने की अपील की। दौरे के अंतिम चरण में उपाध्यक्ष सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरचंदपुर पहुंचीं, जहां मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में 25 बालिकाओं के साथ केक काटकर उन्हें उपहार वितरित किए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार बेटियों के जन्म, शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अभिभावकों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें