लालगंज (रायबरेली)। गैस एजेंसियों पर इन दिनों उपभोक्ताओं की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। हालांकि पिछले दिनों की तुलना में भीड़ थोड़ी कम जरूर हुई है लेकिन समस्या अभी भी बरकरार है। सबसे ज्यादा परेशानी केवाईसी को लेकर सामने आ रही है। कस्बे के बछरावां रोड स्थित करुणा बाजार चौराहे के पास इंडेन गैस एजेंसी कार्यालय में सुबह से ही लंबी कतारें देखी गईं। महिला और पुरुष उपभोक्ता लाइन में खड़े नजर आए। अधिकांश लोग केवाईसी अपडेट कराने के लिए एजेंसी पहुंचे थे। उपभोक्ताओं ने बताया कि सर्वर की गड़बड़ी के कारण उनका काम समय से नहीं हो पा रहा है। एकौनी गांव से आई रामदुलारी ने कहा कि वह लगातार दो दिन से एजेंसी का चक्कर लगा रही हैं लेकिन हर बार सर्वर डाउन होने की बात कहकर लौटा दिया जाता है। केलौली गांव की रहने वाली कुशमा ने भी अपनी परेशानी बताई। उन्होंने कहा कि वह दूर से किराया खर्च करके आती हैं लेकिन केवाईसी नहीं हो पा रही है। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है। एजेंसी पर मौजूद अन्य उपभोक्ताओं ने भी इसी तरह की समस्या बताई। लोगों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो परेशानी और बढ़ सकती है। उपभोक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से सर्वर व्यवस्था दुरुस्त कराने और अतिरिक्त काउंटर खोलने की मांग की है ताकि लोगों को राहत मिल सके।