वृद्धावस्था पेंशन धारक को कागजों में मृत दिखाकर पेंशन बंद करने पर 68 वर्षीय लाभार्थी ने उपजिलाधिकारी से शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। मामले में उपजिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए हैं। बुधवार को महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के कमालपुर आवांडीह गांव निवासी 68 वर्षीय बुजुर्ग किशुन दुलारी ने उपजिलाधिकारी को शिकायती देते हुए बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। पिछले करीब सात वर्ष से उसे वृद्धा पेंशन योजना का लाभ मिल रहा था। जिसे वित्तीय वर्ष 2023- 24 के दौरान हुए सत्यापन में मृत दिखाकर उसकी पेंशन बंद कर दी गई। कई महीनों से उसे पेंशन न मिली तो उसने ब्लाक कार्यालय जाकर ग्राम पंचायत सचिव से शिकायत की। आरोप यह भी है कि पंचायत सचिव सुमित कुमार वर्मा द्वारा उसे भटकाते हुए प्रताडित भी किया गया। थक-हारकर जब उसके बेटे सुरेश कुमार ने आनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण की जांच की तो उसकी माता किशुन दुलारी के मृतक होने की सत्यापन रिपोर्ट अंकित मिली। संबंधित ग्राम पंचायत सचिव सुमित कुमार वर्मा ने बताया कि मामला उनके समय का नही है। फाइलों में पहले से ही किशुन दुलारी के मृत होने की रिपोर्ट लगी थी। जानकारी होते ही समाज कल्याण विभाग से बात करके किशुन दुलारी की पेंशन फिर से शुरू करा दी गई है। जल्द ही पेंशन की रकम उनके खाते में आ जाएगी। मामले में उप जिलाधिकारी गौतम सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है, नायब तहसीलदार को जांच कर कार्रवाई व पुनः पेंशन शुरू कराने के निर्देश दे दिए गए हैं।