रायबरेली में लालगंज स्थित बैसवारा इंटर कॉलेज के खेल मैदान में बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग के तहत विधायक खेल स्पर्धा की शुरुआत हुई। सरेनी विधानसभा के तीनों ब्लॉकों के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सपा विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह और नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता दीपेंद्र गुप्ता ने दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की। एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी, कुश्ती, जूडो, बैडमिंटन, फुटबॉल, भारोत्तोलन और खो-खो जैसे खेलों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। नोडल अधिकारी व क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी भास्कर सिंह ने बताया कि जूडो, कुश्ती और भारोत्तोलन डॉ. रिजवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में हुए। एथलेटिक्स, खो-खो और कबड्डी बैसवारा इंटर कॉलेज में आयोजित किए गए। जबकि बैडमिंटन और वॉलीबॉल बैसवारा पीजी कॉलेज में संपन्न हुईं। प्रतियोगिताओं का समापन और पुरस्कार वितरण शुक्रवार को बैसवारा इंटर कॉलेज के खेल मैदान में किया जाएगा।