यूपी के रायबरेली में बृहस्पतिवार की शाम 4 बजे ऊंचाहार क्षेत्र के बंधवा मजरे अरखा गांव निवासी विशाल (28) पावर ग्रिड की हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़ गया। देखते ही देखते वहां पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर कोतवाल संजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने विशाल से नीचे उतरने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। कोतवाल ने युवक से कहा यह क्या हरकत कर हो, नीचे उतर आओ। इस पर युवक बोला कि साहब मैं वही कर रहा हूं, जो मजनू ने लैला के लिए, रांझा ने हीर के लिए, रोमियो ने जूलियट के लिए किया था। मैं अपनी प्रेमिका के लिए खंभे से कूदकर जान दे दूंगा। पुलिस और गांववालों ने काफी देर तक उसे समझाया। इसके बाद वह नीचे उतरने को तैयार हुआ। लेकिन, पहले भीड़ को हटाने की शर्त रखी। इसके बाद जब लोग वहां से दूर हटे, तब युवक नीचे उतरा। करीब ढाई घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। नीचे उतरकर युवक ने पुलिस को बताया कि वह गांव की ही एक लड़की से प्यार करता है। लेकिन, उसके घरवालों ने उसकी शादी किसी दूसरे के साथ तय कर दी है। वह उसके बिना नहीं रह पाएगा। पुलिस ने उसे समझाकर घरवालों के हवाले कर दिया। कोतवाल ने बताया कि युवक प्रेमिका की शादी तय होने से नाराज होकर खंभे पर चढ़ा था। उसे समझाकर घर भेज दिया गया है।