केंद्र में एनडीए सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में पीलीभीत के बरखेड़ा ब्लॉक परिसर में रविवार को तीन दिवसीय 'जनकल्याण विकास मेला' का भव्य शुभारंभ हुआ। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना और समस्याओं का समाधान करना है। ब्लॉक सभागार में रविवार सुबह 11 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस शिविर का एकमात्र ध्येय उन पात्र लोगों को चिन्हित कर लाभ पहुंचाना है, जो अब तक किसी कारणवश सरकारी योजनाओं से वंचित हैं। मेले में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए हैं, जहाँ फरियादी अपनी समस्याओं का समाधान तुरंत पा सकते हैं। मुख्य रूप से आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण,खेती-किसानी और पशुधन विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी, पोषाहार व सरकारी सहायता योजनाओं का वितरण, स्वरोजगार एवं महिला सशक्तिकरण संबंधी मार्गदर्शन विकास विभाग,के कर्मचारी अपना स्टाल लगाकर सेवा में मौजूद रहे।