मुजफ्फरनगर में खतौली के लाल दयाल पब्लिक स्कूल का विवाद झगड़े के बाद कोतवाली तक पहुंच गया। प्रबंधक राजबीर टीटू पर स्कूल में ही हमला कर घायल कर दिया गया। उधर, अनुसूचित जाति की एक शिक्षिका ने कोतवाली पहुंचकर प्रबंधक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। प्रबंधक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सांसद हरेंद्र मलिक ने पहुंचकर प्रकरण की जानकारी ली। लाल दयाल पब्लिक स्कूल की फीस को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा है। बोर्ड का परीक्षा परिणाम खराब रहने पर प्रबंध समिति ने प्रधानाचार्या को नोटिस भी जारी किया था। मामले में सोमवार को नया मोड आ गया। कुछ लोगों ने स्कूल में घुसकर प्रबंधक राजबीर टीटू पर हमला कर दिया। कुछ शिक्षक और आसपास के लोग प्रबंधक को पहले खतौली सीएचसी और इसके बाद जिला अस्पताल लेकर आए। सांसद हरेंद्र मलिक भी जानकारी लेने पहुंचे। उधर, एक शिक्षिका इस बीच खतौली कोतवाली पहुंची और प्रबंधक पर आरोप लगाया कि अपने कक्ष में बुलाकर छेड़खानी की गई है। स्कूल की समन्वयक बनाने का झांसा देकर उसके साथ गलत हरकत की गई। पुलिस प्रकरण की जांच में जुटी है।