मुजफ्फरनगर के ब्लॉक चरथावल का गांव है दूधली। गांव के अतीत इतिहास के पन्नों पर अमिट छाप है। इस गांव में स्थित करीब 700 साल पुरानी ऐतिहासिक म्हाडी की मान्यता उत्तर भारत में मानी जाती है। हर साल भादवे में यहां मेला सजता है। यहां सोमवार को दिन निकलने से पहले ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। सोमवार को अलसुबह प्रदेश के कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल और पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के फायर ब्रांड नेता सुरेश राणा ने कपाट खोलकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा म्हाडी मेले हमारी सांस्कृतिक और ग्रामीण अंचल की पहचान है। मेले के आयोजन से परस्पर सौहार्द और सद्भाव की अदभुत छाप मिलती है। रविवार रात से ही कई प्रांतों के गोगा भक्तों का गांव में आना शुरू हो गया था। गांव में प्रवेश के चारों संपर्क मार्गों पर वाहनों की लंबी लाइन टूटने का नाम नहीं ले रही थी। छिमाऊ के शिवकुमार सहित कई श्रद्धालु लेटकर प्रसाद और निशान चढ़ाने पहुंचे। एएसपी ने मेला स्थल का दौरा किया। पुलिस और कमेटी की ओर से वालियंटर अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था में दायित्व निभा रहे थे। ढोल नगाड़ों के साथ पवित्र निशान और प्रसाद चढाने वाले श्रद्धालु मौजूद रहे। कोई मन्नत पूरी होने पर कोई मन्नत मांगने के लिए दर्शन को आतुर नजर आया। ग्रामीणों ने जमकर खरीदारी की और मेले का लुत्फ उठाया।