मुरादाबाद में नशे की लत ने एक और परिवार को उजाड़ दिया। मझोला थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर गली नंबर तीन निवासी दो सगे भाई बृहस्पतिवार दोपहर लोकोशेड मोक्षधाम के पास बेहोशी की हालत में पड़े मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को जिला अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक जांच में नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है। परिजनों के अनुसार दोनों भाई शराब पीने के साथ ही इंजेक्शन के जरिए भी नशा करते थे। बताया गया कि इनका तीसरा भाई भी नशे की लत का शिकार है।