विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियाें ने शिक्षकों के साथ मिलकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना दिया। वक्ताओं ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के कार्यों में हो रही अनावश्यक देरी तथा हीलाहवाली के विरुद्ध रोष व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि एनपीएस में कट रहा अंशदान शिक्षकों के खाते में प्रदर्शित नहीं हो रहा है, तथा विभिन्न प्रकरणों और देयकों को अनावश्यक रूप से कार्यालय में लंबित रखा जाता है। मुख्य वक्ता प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य डॉ. सुनीत गिरी ने पुरानी पेंशन योजना की यथावत बहाली, वित्तविहीन शिक्षकों के लिए समान कार्य के लिए समान वेतनमान की नीति को लागू करते हुए एक सेवा आयोग का गठन, तदर्थ शिक्षकों की पेंशन बहाली, साथ ही सेवानिवृत्ति हुए शिक्षक शिक्षिकाओं के लंबित देयकों के तुरंत भुगतान की मांग की। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार पाठक ने कहा कि सरकार द्वारा की जा रही शिक्षकों की अनदेखी तथा विभिन्न मांगों के संदर्भ में पूरे प्रदेश में प्रादेशिक नेतृत्व के आह्वान पर शिक्षक शिक्षिकाओं ने धरना दिया है। अंत में एक ज्ञापन जनपदीय समस्याओं से संबंधित तथा एक ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम जिला विद्यालय निरीक्षक को दिया गया। इस दौरान जिला मंत्री पुष्पेश मिश्रा, सलिल मोहन, अनिल चौहान, आफताब आलम, अनिल कुमार, राखी रस्तोगी, मयंक त्यागी, अरशद अली, जावेद अनवर, राजीव कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।