मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने दो दिन पहले 24 मीटर रोड पर जिसे अवैध प्लाटिंग पर तोड़फोड़ की थी, इस कार्रवाई के खिलाफ ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन सामने आया है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचकर एमडीए के विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की और प्लॉटधारकों के नुकसान की भरपाई करने की मांग की। दो दिन पहले एमडीए ने 24 मीटर रोड पर चार प्लॉटिंग करने वालों की ओर बिना मानचित्र पास कराए की गई प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई थी। यहां बनाई गईं सड़कों व नींव आदि को तोड़ दिया था। ये कार्रवाई करीब 40 बीघा भूमि पर की गई प्लॉटिंग पर की गई थी। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उनका कहना है कि शाहपुर 24 मीटर रोड पर कार्रवाई गलत तरीके से की गई। काफी पुराने प्लॉटों की चहारदीवारी में तोड़फोड़ की गई है, जिससे लोगों को काफी नुकसान हुआ है, जिसके भरपाई की जानी चाहिए। अपनी इस मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। संगठन के पदाधिकारियों ने दावा किया कि जिलाधिकारी ने उनकी बात गंभीरता से सुनी है और उनकी समस्या का निराकरण कराने का भरोसा दिया है, इस बारे में उन्होंने एमडीए के वीसी से बात भी की है। पदाधिकारियों ने बताया कि 17 दिसंबर को दोपहर 12 बजे इस मामले में संगठन का एक प्रतिनिधि मंडल एमडीए के उपाध्यक्ष से भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि एमडीए का ज्यादती को सहन नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में संतोष कुमार, नेतराम भारती, राजेश सिंह, संजीव सैनी, प्रीतम सिंह, हरिश्चंद्र, नीलम सक्सेना, माया राजपूत, रिजवान, नसीम वारसी, मोहम्मद गौरी, सोमवीर सिंह व हर किशोर सिंह सहित कई अन्य लोग शामिल रहे।