43वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक बैडमिंटन एवं टेबल-टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता में बैडमिंटन मुकाबले रोमांचक रहे। उद्घाटन मुकाबले में मेरठ जोन के विवेक गुप्ता ने वाराणसी जोन के गोविंद को 2-0 से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। पुरुष टीम चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में बरेली जोन ने वाराणसी जोन को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में मेरठ जोन ने पीएसी मध्य जोन को पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। वहीं महिला टीम स्पर्धा में मेरठ, वाराणसी, आगरा और कानपुर जोन ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 50 प्लस पुरुष वर्ग में जीआरपी के डीडी तिवारी, गोरखपुर के विजय प्रकाश, रेडियो जोन के रविंद्र नाथ टैगोर और लखनऊ जोन के सय्यद मोहम्मद हैदर ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।