मेरठ। रंगों में सजा प्रकृति का संसार, खेल में झलका जोश और चेहरे पर खिली मुस्कान। अमर उजाला की ''फंटास्टिक शाम'' में बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को कैनवास पर उतारकर पर्यावरण और जल संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया, वहीं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में उत्साह और उमंग का अनोखा संगम देखने को मिला। बिजली बंबा बाईपास स्थित सुपरटेक ग्रीन विलेज में शनिवार को अमर उजाला संस्थान की ओर से आयोजित ''फंटास्टिक शाम'' बच्चों के उत्साह, रचनात्मकता और उमंग से सराबोर रही। कक्षा एक से आठ तक के तीन दर्जन से अधिक बच्चों ने भाग लिया। चित्रकला प्रतियोगिता का विषय ''पर्यावरण'' रखा गया। बच्चों ने अपने कैनवास पर उगते सूरज, कलरव करती चिड़ियां, बहती नदियां, ऊंचे पहाड़, हरे-भरे जंगल और ग्रामीण जीवन के मनमोहक दृश्य उकेरे। कई प्रतिभागियों ने ग्लोबल वार्मिंग, जल संरक्षण और हरित पर्यावरण जैसे गंभीर विषयों को अपनी चित्रकारी का हिस्सा बनाकर प्रकृति के प्रति अपनी संवेदनशील सोच का परिचय दिया। रंगों के माध्यम से दिए गए इन संदेशों की उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक और कॉलोनीवासी भी मौजूद रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में सचिन नागर, तृप्ति, आराध्या गर्ग और आरोही सहित कई बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त किए। वहीं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में बच्चों ने संगीत की धुन पर खेल और नृत्य का भरपूर आनंद लिया, जिससे पूरा माहौल उल्लास से भर गया। पूर्व पार्षद सुधीर चौधरी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उनमें पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता भी विकसित करते हैं।