मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के दादरी गांव स्थित शिव मंदिर में चल रहे भंडारे में ग्रामीणों ने साधु के भेष में पहुंचे एक मुस्लिम युवक को दान पात्र से चोरी करते हुए पकड़ लिया। ग्रामीणों ने युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार उनके गांव में एक साधु आया था, जो मंदिर का पुजारी बनकर लगभग दो महीने तक मंदिर में रहा। लेकिन, उसका चाल चलन देखकर ग्रामीणों ने डेढ़ माह पहले उसे मंदिर से हटा दिया था। बताया कि साधु के चले जाने के बाद मंदिर में दान पात्र से चोरी होने लगे। बुधवार को मंदिर में शिवरात्रि का भंडारा चल रहा था। भंडारे में साधु भी पहुंचा। ग्रामीणों ने उसे दान पात्र से चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। ग्रामीणों ने पूछताछ की तो उसने अपना नाम बिहार के सीतामढ़ी निवासी कासिम बताया। ग्रामीणों ने आरोपी को दादरी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। दादरी पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि पूछताछ की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।