मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र स्थित मलियाना में एक युवक का शव बाथरूम में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक की पहचान 36 वर्षीय पवन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उन्नाव का निवासी था और डिलीवरी एजेंट के रूप में कार्य करता था। पुलिस को घटनास्थल से शराब की बोतल सहित कुछ अन्य सामान मिला है। क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि नशे की हालत में पैर फिसलने से युवक की मौत हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव को परीक्षण हेतु भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।