दक्ष प्रजापति जयंती पर रविवार को दौराला स्थित रॉयल फार्म हाउस में प्रजापति समाज की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेधावी छात्राओं को साइकिल वितरित कर सम्मानित किया गया। ‘जिद करनी है तो कामयाब होने की करो’ मुख्य अतिथि सरधना विधायक अतुल प्रधान ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर जिद ही पालनी है तो कामयाब होने की जिद पालो। अपने अधिकार पाने की जिद करो और डॉक्टर, शिक्षक, इंजीनियर व वैज्ञानिक बनने का लक्ष्य तय करो। उन्होंने कहा कि जिस घर की बेटी शिक्षित हो जाती है, उस परिवार की सात पीढ़ियों का भविष्य संवर जाता है। बेटियों की शिक्षा समाज और देश के विकास की सबसे मजबूत नींव है। छह साल से लगातार मना रहे दक्ष प्रजापति जयंती अतुल प्रधान ने कहा कि वह पिछले छह वर्षों से लगातार दक्ष प्रजापति जयंती मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज छात्राओं को साइकिल वितरित की जा रही हैं। यदि उनकी सरकार बनी तो युवाओं को नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि साइकिल वितरण की पहल ने दूसरों को भी सोचने पर मजबूर किया है। अब इससे नीचे कुछ दिया नहीं जा सकता और इससे ऊपर स्कूटी आती है। इस दौरान अतुल प्रधान ने भाजपा सरकार की नीतियों पर भी निशाना साधा। कार्यक्रम में विजयपाल, अनिल, नीटू, बाबर, अंकित, मनोज, शौकेंद्र, पिंटू, प्रवीण, मुन्नू, नरवीर आदि मौजूद रहे।