मेरठ। हस्तिनापुर नगर पंचायत द्वारा सोमवार को कस्बे के वार्ड संख्या सात और 11 में गृहकर वसूली शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ नगर पंचायत चेयरपर्सन सुधा खटीक ने किया। उन्होंने कहा कि समय पर गृहकर जमा करने से नगर पंचायत को विकास कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध होते हैं। उन्होंने नागरिकों से नियमित रूप से गृहकर जमा करने की अपील की। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में भवन स्वामी पहुंचे और अपने भवनों का गृहकर जमा कर रसीद प्राप्त की। नगर पंचायत कर्मचारियों ने करदाताओं को गृहकर संबंधी जानकारी भी दी तथा बकाया कर समय पर जमा करने के लिए प्रेरित किया। चेयरपर्सन ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न वार्डों में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को अपने वार्ड में ही कर जमा करने की सुविधा मिल सके और राजस्व वसूली में भी तेजी आए।