सितंबर माह जिले के माफिया-तस्करों के लिए आफत बन रहा है। दरअसल जिला प्रशासन-पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार कुर्की की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को गांजा तस्कर द्वारा अपने भाई के नाम से मधुबन तहसील के मौजा हिराजपट्टी में बनाए दो मंजिला भवन को कुर्क किया गया। कुर्क भवन की कीमत 86 लाख रुपये है। पुलिस अधीक्षक इलामारन जी. ने बताया कि गुरुवार को क्षेत्राधिकारी घोसी दिनेशदत्त मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व टीम के साथ मधुबन, घोसी पुलिस की टीम द्वारा संजय जायसवाल निवासी रईसा थाना कोपागंज द्वारा मधुबन तहसील के हिराजपट्टी में अपने भाई राजू जायसवाल के नाम दो मंजिला भवन बनाया गया है। बताया कि संजय पर कोपागंज थाना में गैंगेस्टर का मुकदमा दर्ज है। अपराधी अपराधिक मानसिकता का व्यक्ति है जो अपने आर्थिक एवं भौतिक लाभ के लिये स्वयं तथा अपने गैंग के सदस्यों के साथ गांजा तस्करी के अपराध से अर्जित धन करता है। जिसने अपने भाई के नाम से भूमि जिसकी कीमत 49,87,500 रुपये है, उस पर बने दोमंजिला मकान का निर्माण कराया है। जिसकी कीमत 36,10,000 है।जबकि उसका भाई अचल सम्पत्ति का केवल दृश्यमान स्वामी हैं। इस अचल सम्पत्ति का वास्तविक स्वामी संजय जायसवाल ही है। जो इस भवन का उपयोग वह स्वयं के छिपने एवं अपने गैंग के सदस्यों को संरक्षण देने के लिये करता है। बताया कि दोनों भाईयों के पास आय का ऐसा कोई वैध स्रोत और न ही पुश्तैनी ऐसी स्थिति थी कि इतनी सम्पत्ति क्रय कर उस पर बेशकीमती मकान का निर्माण कराया जा सके। बताया कि संबंधित संपति को कुर्क करने की संस्तुति की गई थी। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा द्वारा बीते छह सितंबर को कुर्क किये जाने का आदेश पारित किया गया था।