बढुआ गोदाम क्षेत्र के बहरीपुर मोड़ पर सोमवार को एक राजनीतिक दल की तरफ से विरोध कार्यक्रम के तहत प्रतीकात्मक बैनर लगाया गया। बैनर पर लिखा था चंदा चोर पार्टी का बहरीपुर गांव में प्रवेश वर्जित है, इसको लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रमजीत सिंह ने आरोप लगाया कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे के उपयोग को लेकर जनता में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर एकत्रित धन के कथित दुरुपयोग से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने जीवन में सभी वर्गों को समान सम्मान दिया और उनके नाम का उपयोग किसी भी प्रकार के कथित भ्रष्टाचार से जोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि बहरीपुर गांव की जनता भ्रष्टाचार और आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रही है। लगाया गया बैनर इसी जनभावना का प्रतीक है। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करते हुए कहा कि जनता किसी भी प्रकार के कथित चंदा घोटाले को स्वीकार नहीं करेगी।