मऊ के कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के शाहपुर 19.23 लाख रुपये से बने खेल मैदान से बच्चों का झूला, सबर्सिबल और जिम के अन्य सामान चोरी हो गए हैं। संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने बृहस्पतिवार को वहां पहुंचकर पड़ताल की। स्थिति देखकर ऐसा लगा कि निर्माण के बाद से वहां सफाई नहीं हुई है। पेड़ों के पत्ते, शौचालयों के खुले, टूटे दरवाजे, ऊंची ऊंची घास युवाओं का स्वास्थ्य सुधारने के लिए बने स्थल की बदहाली बयां कर रही थी। ग्रामीण क्षेत्र में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने और लोगों को स्वस्थ रखने के उद्देश्य से वर्ष 2023 में शाहपुर ग्राम पंचायत में 19.23 लाख रुपये की लागत से मनरेगा खेल मैदान का निर्माण कराया गया। इसके लिए ग्राम पंचायत ने इंदारा-दोहरीघाट रेलवे लाइन के किनारे एक एकड़ जमीन चिन्हित कर विभाग को उपलब्ध कराया था। ओपन जिम, बच्चों का झूला आदि उपकरणों की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने सवाल उठाया था। लेकिन वही उपकरण लगाए गए। रख रखाव नहीं होने से खेल मैदान के अंदर बड़ी बड़ी घास उग गई। ओपन जिम में लगे उपकरण टूटकर वहीं पड़े हैं। प्रधान प्रतिनिधि रविंद्र कुमार ने बताया कि खेल मैदान गांव के किनारे पड़ता है। बनने के बाद शाम को सात बजे के बाद उसमें ताला बंद किया जाता था। नवंबर 2025 में चोर ताला तोड़कर सबमर्सिबल, झूला सहित अन्य सामान चोरी कर लिए।